सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



फतेहपुर। बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 100-दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद न्यायालय फतेहपुर एवं महिला कल्याण विभाग फतेहपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
यह कार्यक्रम केशव कुंज, सिविल लाइन स्थित राजश्री उदय भान सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और आम जनता को बाल विवाह के दुष्प्रभाव, संबंधित कानून और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के चेयरमैन राजेंद्र साहू, सदस्य राम कृष्ण पांडेय, बाल विवाह रोकथाम प्रभारी नीरू पाठक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनीत कुमार अग्रहरि और उमेश सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. के. बी. सिंह, समाजसेवी हर्ष पांडेय, ASTU से इंस्पेक्टर संजय पांडेय, एवं छात्र-छात्राओं सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई बताते हुए इसके विरुद्ध सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया और उपस्थित लोगों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं और आमजन को जागरूक कर बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया। यह पहल जिले में बाल विवाह को रोकने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।