– 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महासभा में फतेहपुर से जाएंगे 300 से अधिक कार्यकर्ता
फतेहपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं बुंदेलखंड प्रभारी नीलांसु चतुर्वेदी के जनपद आगमन पर जिला कांग्रेस कार्यालय सईद बिल्डिंग शांति नगर में कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा आयोजित रैली को सफल बनाने को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला व शहर कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने बताया कि फतेहपुर से लगभग 300 कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए 30 चारपहिया वाहन एवं एक बस की व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्होंने संगठन से दूर रहने वाले पूर्व पदाधिकारियों व नेताओं को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि केवल चुनावी समय पर सक्रिय होने वाले लोगों को संगठन में प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि आज समय है कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का, न कि व्यक्तिगत स्वार्थ साधने का। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस को जमीनी स्तर पर व्यापक संघर्ष करना होगा।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव नीलांसु चतुर्वेदी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि दिल्ली में अधिकतम संख्या में पहुंचकर राहुल गांधी को समर्थन दें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूचियों में कटौती कर लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं और इसमें हर कार्यकर्ता को साथ देना चाहिए। सभा में प्रमुख रूप से शेख एजाज अहमद, राजेंद्र शुक्ला, हिदायत उल्ला खां, देवी प्रकाश दुबे, माधुरी रावत, राजीव लोचन निषाद, रामनरेश, अनुराग नारायण मिश्र, रेखा पासवान, सुदेश पांडेय, आनंद सिंह गौतम, ब्रजेश मिश्रा, अरुण जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
