– यह बजट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प का दस्तावेज है
फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट 2026–27 को लेकर शहर के होटल रामाडियन में गुरुवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट को जन-जन और राष्ट्रहित में ऐतिहासिक बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत यह बजट भारत को आर्थिक, डिजिटल और सामरिक दृष्टि से और अधिक मजबूत बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है। केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई तकनीकों को बढ़ावा दिया गया है। AI आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि होगी। तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए सरसों, मूंगफली, तिल, सोयाबीन और सूर्यमुखी जैसी फसलों को विशेष सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक की आय पर जीरो इनकम टैक्स का प्रावधान किया गया है। वहीं शुगर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती की गई हैं, जिससे आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी। रोजगार और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को मजबूत किया गया है। देशभर में 200 पुराने औद्योगिक क्लस्टरों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा और वाराणसी जैसे शहरों को सिटी इकोनॉमिक रीजन के रूप में विकसित कर रोजगार और स्टार्टअप हब बनाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में देश में 7 उच्च गति रेल कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। साथ ही रक्षा क्षेत्र के बजट में 15 प्रतिशत की वृद्धि कर भारत को सामरिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक क्षेत्र में प्रत्येक जिले में एक कन्या छात्रावास की स्थापना का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 15 पुरातात्विक स्थलों को विकसित करने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक कृष्णा पासवान, राजेंद्र पटेल, विकास गुप्ता, जयकुमार सिंह जैकी, रणवेंद्र प्रताप सिंह, धुन्नी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, मुखलाल पाल, महामंत्री उदय लोधी, नीरज सिंह, केंद्रीय बजट अभियान संयोजक सुशीला मौर्या, सहसंयोजक प्रदीप गर्ग व पंकज त्रिवेदी, मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, विक्रम सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
