प्राथमिक विद्यालय दुर्गा का पुरवा में 11 बजे तक लटकता रहा ताला, अध्यापक रहे नदारद



– बच्चों से लगवाया गया झाड़ू, एमडीएम के चावल में कीड़े मिलने की शिकायत

फतेहपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खागा तहसील अंतर्गत विकास खंड ऐरायाँ के प्राथमिक विद्यालय दुर्गा का पुरवा में शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे तक विद्यालय में ताला लटका मिला और कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था। बाद में शिक्षा मित्र द्वारा ताला खोले जाने की बात सामने आई।
ग्रामीणों के अनुसार निर्धारित समय पर विद्यालय न खुलने से बच्चे बाहर इंतजार करते रहे। कुछ बच्चों को परिसर में झाड़ू लगाते भी देखा गया, जिससे अभिभावकों में नाराजगी है। बताया जा रहा है कि शिक्षा मित्र अशोक कुमार सोनी ने विद्यालय का ताला खोला, जबकि उनकी ड्यूटी वर्तमान में बीएलओ कार्य में लगी हुई है। वहीं दो शिक्षक संदीप कुमार और कल्पना देवी की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में होने के कारण वे अनुपस्थित रहे। सहायक अध्यापक पुष्कर दीक्षित की तैनाती भिटौरा ब्लॉक में एआरओ पद पर बताई गई है। हालांकि इंचार्ज प्रधानाध्यापक मीना देवी के अनुपस्थित रहने पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक अक्सर विद्यालय देर से पहुंचती हैं या अनुपस्थित रहती हैं। इधर, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) को लेकर भी लापरवाही सामने आई। शुक्रवार को निर्धारित मीनू के अनुसार तहरी बनाई जानी थी। रसोइयों ने बताया कि टमाटर उपलब्ध नहीं थे और चावल में कीड़े पाए गए। सब्जी के नाम पर केवल एक बैंगन और थोड़ा सा आलू मौजूद था। गौरतलब है कि हाल ही में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा एमडीएम की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए थे, बावजूद इसके विद्यालय में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं दिखीं। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।