अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध महिला घायल



फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के असोथर रोड पर शुक्रवार को अनियंत्रित होकर पलटे ई-रिक्शा में सवार एक वृद्ध महिला घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेंती सादात गांव निवासी स्वर्गीय सूरजपाल की 79 वर्षीय पत्नी रामकली अपनी पोती आकांक्षा के साथ ई-रिक्शा से असोथर रोड स्थित चित्रकूट आई हॉस्पिटल चश्मा लगवाने गई थीं। अस्पताल से वापस लौटते समय ई-रिक्शा कुछ ही दूरी आगे बढ़ा था कि अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रामकली घायल हो गईं। घटना की सूचना तुरंत सरकारी एंबुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ईएमटी अरुण और पायलट रघुवीर ने प्राथमिक सहायता देते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने वृद्ध महिला को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। घायल महिला के साथ मौजूद उनकी पोती आकांक्षा ने घटना की जानकारी दी।