खागा को जिला बनाने की मांग तेज, जनमत संग्रह व हस्ताक्षर अभियान को मिल रहा जनसमर्थन



खागा / फतेहपुर। खागा तहसील को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर जनमत संग्रह एवं हस्ताक्षर अभियान तेज हो गया है। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान गांव-गांव और कस्बों तक पहुंचकर व्यापक जनसमर्थन जुटा रहा है।
अभियान का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ‘पर्यावरण पहरूवा’ प्रवीण पांडेय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह पहल पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संचालित की जा रही है, जिसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि खागा क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत, भौगोलिक स्थिति और बढ़ती प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए इसे जिला बनाना समय की मांग है। उन्होंने 6 मार्च 1858 फतेहपुर फांसी कांड का उल्लेख करते हुए बताया कि फतेहपुर जिला जेल में अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह सहित सात क्रांतिकारियों को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी दी थी। उन्होंने मांग उठाई कि इस बलिदानी भूमि के सम्मान में खागा को “अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह नगर” के रूप में जिला घोषित किया जाए। अभियान के दौरान क्षेत्र में लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में नागरिक हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन कर रहे हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और इस जनआंदोलन से जुड़ने की अपील कर रहे हैं।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान शासन तक जनता की आवाज पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा और जनसमर्थन के आधार पर यह मांग जल्द ही पूरी होने की उम्मीद है।