फतेहपुर।जनपद के शहर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में आज ‘होली मिलन समारोह एवं विराट कवि सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। आर.के. सिंह पटेल और अमन सिंह पटेल के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध वर्ग और भारी जनसमूह ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, पत्रकारिता, चिकित्सा,शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ की अध्यक्ष प्रधान हेमलता पटेल मंच पर शाल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर हेमलता पटेल ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करते हैं। इनके अतिरिक्त कई वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवी बंधुओं और शिक्षकों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कवियों ने बांधा समां
होली के उल्लास के बीच आयोजित कवि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सुविख्यात कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य, व्यंग्य और वीर रस की कविताओं ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। देर शाम तक चले इस सांस्कृतिक समागम में श्रोता कविताओं के रस में सराबोर रहे।
आयोजकों का संदेश
मुख्य आयोजक आर.के. सिंह पटेल और अमन सिंह पटेल ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया और जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोना और समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशियां बांटी|
