फतेहपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) फतेहपुर में चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मास्टर ट्रेनरों द्वारा दी जा रही ट्रेनिंग को बैठकर देखा और सुना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी बारीकियों को फील्ड ट्रेनरों को विस्तार से समझाया जाए, ताकि वे प्रगणकों को सही तरीके से प्रशिक्षण दे सकें और फील्ड में कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गजट जारी कर 22 मई से 20 जून 2026 तक की तिथि निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकान गणना में पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है, जिन्हें प्रगणक घर-घर जाकर पूछेंगे। लखनऊ स्थित जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षण प्राप्त कर आए मास्टर ट्रेनरों द्वारा यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में कार्य करने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 23 मार्च से 25 मार्च तक डायट फतेहपुर में आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
