फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने फतेहपुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगनायक सिंह यादव को पार्टी का प्रदेश सचिव नामित किया है।
जैसे ही यह खबर जनपद में पहुंची, उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। बताया जाता है कि जगनायक सिंह यादव जिले में अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान रखते हैं और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती है। यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व समय-समय पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपता रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि जगनायक सिंह यादव अपने अनुभव और जनाधार के बल पर संगठन को नई मजबूती देंगे। नव नियुक्त प्रदेश सचिव जगनायक सिंह यादव ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में फतेहपुर की सभी छह सीटों पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराने के लिए पूरी ताकत से कार्य किया जाएगा।
