दो बाइकों की टक्कर में युवक की दर्दनाक मौत, छह घायल



– टक्कर के बाद ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आया युवक

बिंदकी/फतेहपुर। थाना कल्याणपुर क्षेत्र के महरहा गांव के समीप बुधवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 7 बजे दो बाइकों में आमने-सामने तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार सूरज सोनकर (20 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र उर्फ चुनकाई निवासी ग्राम महरहा सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पास से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सूरज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में सूरज के साथ बाइक पर सवार राजा सोनकर उर्फ बृजेश (25 वर्ष) पुत्र इंद्रपाल तथा विशाल उर्फ शिवम (28 वर्ष) पुत्र प्रहलाद निवासी महरहा घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार इंद्रेश (25 वर्ष) पुत्र बड़कन, लक्ष्मी प्रसाद (76 वर्ष), यश (10 वर्ष) पुत्र रामचंद्र निवासी कस्बा अमौली थाना चांदपुर तथा आकाशिनी (15 वर्ष) पुत्री पिंटू निवासी बसावनपुर थाना मलवां भी घायल हो गए। सभी छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।