कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
समाचार एजेंसियों द्वारा जारी वीडियो में चंद्रनाथ रथ को अस्पताल ले जाते हुए देखा गया। जिस वाहन में उन्हें ले जाया जा रहा था, उस पर विधानसभा पास का स्टिकर लगा हुआ था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बीजेपी ने इस घटना को सुनियोजित हत्या बताया है। पार्टी का आरोप है कि राज्य में राजनीतिक हिंसा लगातार बढ़ रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है, लेकिन उसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। घटनास्थल से जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस चश्मदीदों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह एक सुनियोजित हत्या थी और घटना से पहले इलाके की रेकी की गई थी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में कई जगहों पर हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं। बीजेपी ने पहले भी टीएमसी कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक हिंसा के आरोप लगाए थे, जबकि टीएमसी ने इन आरोपों को खारिज किया था।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, सियासी माहौल गरम
