आम के बगीचे में अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी



— पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भेजा, शिनाख्त के प्रयास जारी

बिंदकी/फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कोरवा गांव के समीप एक आम के बगीचे में लगभग 50 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे कोरवा गांव के पास रसीद हाजी के आम के बगीचे में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हाउस (मोर्चरी) फतेहपुर भेज दिया है। जहां शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि उसकी पहचान हो सके। यदि इस दौरान शिनाख्त नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।