मामूली कहासुनी में दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल



— पुलिस ने कराया मेडिकल, मामले की जांच शुरू

बिंदकी/फतेहपुर। कोतवाली बिंदकी क्षेत्र में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के निकट जनता बंबा मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में एक पक्ष से सुजीत विश्वकर्मा (35) पुत्र शिव कैलाश विश्वकर्मा निवासी ग्राम जैनपुर, जबकि दूसरे पक्ष से रामराज (55) एवं उनका पुत्र सोनू (20) निवासी ग्राम कोरईया घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायल कोतवाली बिंदकी पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। बताया जाता है कि रामराज अपना ई-रिक्शा लेकर सुजीत विश्वकर्मा के कारखाने में बॉडी (बिल्डिंग) बनवाने गए थे। इसी दौरान पीतल और लोहे की बॉडी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।