फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत जनपद फतेहपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान टीमों द्वारा शासन एवं पुलिस विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में पंपलेट वितरित कर जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
