फतेहपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के विवादित मकबरा-मंदिर मामले को लेकर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र प्रयागराज डॉ. संजीव गुप्ता ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, कई सर्किल के क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान अराजकतत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारी स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, वहीं पुलिस ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
