– 7 पालतू पशु भी हमले के हुए शिकार
फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में गुरुवार की रात को जंगली सियार ने लघुशंका के लिए घर के बाहर निकली जान्हवी देवी उम्र 9 वर्ष पुत्री संतराम पर हमला कर दिया। बच्ची ने शोर मचाया तो घर के अंदर उसकी दादी कमला देवी उम्र 45 वर्ष, नातिन को बचाने के लिए निकल के आई तो दादी ने नातिन को जंगली सियार से छुड़ाने की कोशिश किया तब तक जंगली सियार ने नातिन को घायल कर उसकी दादी कमला देवी पर हमला कर दिया जिसके चलते दादी तथा नातिन दोनों घायल हो गई। उसी समय जंगली सियार के हमले से अपने निजी नलकूप में मौजूद भगौता प्रसाद उम्र 60 वर्ष भी घायल हो गए। ग्राम प्रधान रामविलास ने बताया कि जंगली सियार के हमले से गांव के 7 पालतू मवेशी भी घायल हुए हैं। जंगली सियार के हमले से घायल कमला देवी तथा उनकी नातिन जान्हवी देवी को गुरुवार व शुक्रवार की मध्य रात्रि को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दादी नातिन घर वापस चली गई थी जबकि जंगली सियार के हमले से घायल भागौता प्रसाद को अमौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे जंगली सियार के हमले से घायल कमला देवी तथा उनकी नातिन जान्हवी देवी की हालत फिर बिगड़ी तो परिजन इलाज के लिए लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले गए।
