फतेहपुर। सिखों के दशम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, फतेहपुर में भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में प्रकाश पर्व के अवसर पर 20 दिसम्बर 2025 से प्रभात फेरी की शुरुआत की गई, जो 24 दिसम्बर 2025 तक प्रतिदिन निकाली जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार 25 दिसम्बर 2025 को श्री अखंड साहिब पाठ का आरंभ होगा, जिसकी समाप्ति 27 दिसम्बर 2025 को प्रकाश पर्व के दिन होगी। यह संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम गुरुद्वारा साहिब के सह-प्रधान नरेंद्र सिंह रिक्की की अगुवाई में सम्पन्न कराया जाएगा। शनिवार को निकली प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर रेलवे ओवरब्रिज होते हुए झाऊपुर पुलिया तक पहुंची, जहां से पुनः गुरुद्वारा साहिब में समापन हुआ। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति भाव से सहभागिता की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा सह-प्रधान नरेंद्र सिंह रिक्की, चरनजीत सिंह, जतिंदर पाल सिंह, मंगल सिंह, मंजीत सिंह, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही। महिलाओं में ईशर कौर, हरविंदर कौर, जसवीर कौर, रंदीप कौर, सतनाम कौर और अमरजीत कौर ने भी प्रभात फेरी में भाग लेकर गुरु चरणों में हाजिरी लगाई।
