– लक्ष्मण–परशुराम संवाद ने मोहा मन
फतेहपुर। शहर के देवीगंज स्थित श्रीमती रामा अग्रहरी बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में जय नीम भवानी श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन ‘धनुष यज्ञ’ और ‘लक्ष्मण–परशुराम संवाद’ के प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
आयोजन स्थल को ‘मिथिला नगरी’ की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। भारी भीड़ को देखते हुए कमेटी ने बैठने और सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की थी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए अनुभवी कलाकारों द्वारा की गई। रामलीला का मुख्य आकर्षण ‘धनुष यज्ञ’ रहा। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष खंडित करते ही पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद मंच पर भगवान परशुराम के आगमन और लक्ष्मण के साथ हुए तार्किक व तीखे संवादों का सजीव चित्रण कलाकारों ने इस कदर किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। अभिनय और संवाद अदायगी की दर्शकों ने खूब सराहना की। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम देर रात शुरू होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे तक अनवरत चलता रहा। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
रामलीला का सफल संचालन कमेटी अध्यक्ष महेंद्र शुक्ला के कुशल नेतृत्व में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में पुत्तन बाजपेई, राजेश पांडे, मुन्ना बाजपेई, रामशंकर, सुशील सिंह, बसंत गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, शिवशरण और हेमचंद्र गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
