महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए औचक ड्राइव, स्टेशन व बस स्टैंड पर चला विशेष अभियान



फतेहपुर। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग द्वारा बुधवार को जनपद में औचक ड्राइव चलाई गई। यह अभियान जिला प्रोबेशन अधिकारी ऋशांत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संचालित हुआ, जिसके तहत रेलवे स्टेशन फतेहपुर और बस स्टैंड फतेहपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य संकट की स्थिति में मिली महिलाओं एवं बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना था, ताकि कोई भी महिला या बच्चा आपात स्थिति में अकेला न रहे और उन्हें समुचित सुरक्षा एवं संरक्षण मिल सके। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन फतेहपुर पर आरपीएफ, जीआरपी, स्टेशन अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने आरपीएफ व जीआरपी टीम को निर्देश दिए कि यदि स्टेशन परिसर में कोई भी महिला या बच्चा असहाय अवस्था में मिलता है तो तत्काल विभाग को सूचित किया जाए, जिससे उन्हें सुरक्षित किया जा सके। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर लगभग 13 वर्ष की एक अज्ञात बालिका बिना किसी अभिभावक के मिली। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह बिहार की रहने वाली है और घर से नाराज होकर बिना बताए चली आई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम द्वारा तत्काल बालिका को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर में आवासित कराया गया और आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। औचक ड्राइव के क्रम में बस स्टैंड फतेहपुर का भी निरीक्षण किया गया। यहां दो महिलाएं आश्रयविहीन अवस्था में पाई गईं, जो पिछले चार से पांच दिनों से बस स्टैंड पर रह रही थीं। बस स्टैंड अधीक्षक से जानकारी लेने के बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा महिलाओं से पूछताछ की गई और उन्हें रेस्क्यू कर वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रूप से आवासित कराया गया। साथ ही अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि औचक ड्राइव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी महिला या बच्चा स्वयं को असहाय या अकेला महसूस न करे। ऐसी परिस्थितियों में मिलने वाले महिलाओं एवं बच्चों को तत्काल समुचित सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा प्रतिदिन जनपद में औचक ड्राइव चलाई जाएगी, जिसमें चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 की संयुक्त टीम शामिल रही है।