यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: नकलविहीन और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन अलर्ट



– नकलविहीन परीक्षा के लिए एडीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

– 18 फरवरी से 117 परीक्षा केंद्रों पर 66 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे हाईस्कूल-इंटर बोर्ड परीक्षाएं

–  जनपद को 3 जोन और 15 सेक्टर में किया गया विभाजित

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सरदार वल्लभ पटेल प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी ने की।
बैठक में एडीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे फर्नीचर, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की पूर्व जांच कर ली जाए। साथ ही परीक्षार्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी छात्र परीक्षा कक्ष में अनुचित साधन न ले जा सके। बालिकाओं की तलाशी केवल महिला कर्मचारियों द्वारा ही कराई जाए, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। जनपद में कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा में 36,701 तथा इंटरमीडिएट में 29,738 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए जनपद को 3 जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन माध्यम से राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इसके अलावा जनपद स्तर पर राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहपुर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त स्वरोजगार, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, एसोसिएट डीआईओएस, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।