एनएच-2 पर मौत को दावत देता स्टंट, लेटकर बाइक दौड़ाने का वीडियो वायरल



फतेहपुर। रील और सोशल मीडिया पर पहचान बनाने का जुनून युवाओं के सिर इस कदर चढ़कर बोल रहा है कि वे अपनी जान की परवाह किए बिना खतरनाक स्टंट करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। ऐसा ही एक जानलेवा स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद के नेशनल हाईवे-2 (कानपुर–प्रयागराज मार्ग) का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक बाइक पर लेटकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता नजर आ रहा है। यह स्टंट न केवल बाइक सवार के लिए घातक साबित हो सकता था, बल्कि हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहनों और राहगीरों की जान को भी गंभीर खतरे में डाल रहा था। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो करीब 1 मिनट 23 सेकंड का है। वीडियो में युवक बेखौफ होकर हाईवे पर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और कई लोगों ने इसे कानून व्यवस्था व यातायात नियमों का खुला उल्लंघन बताया। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तरह की स्टंटबाजी को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्टंट न सिर्फ खुद की जान के लिए खतरा हैं, बल्कि दूसरों के जीवन को भी जोखिम में डालते हैं।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्टंट करने वाले युवक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच के बाद संबंधित युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, हम इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता की चाह में युवा किस हद तक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।