फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा जनपद फतेहपुर को ज़ीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट बनाने के उद्देश्य से दिए गए निर्देशों के क्रम में यातायात सुरक्षा को लेकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीती रात्रि को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान सीसीटी टीम तथा थाना कोतवाली, हुसैनगंज, थरियांव, खागा एवं मलवा के थाना प्रभारियों के साथ यातायात प्रभारी लाल जी सविता द्वारा हाईवे पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाते हुए कुल 71 वाहनों का ई-चालान किया गया। पुलिस टीम द्वारा वाहन चालकों को भविष्य में हाईवे अथवा सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि दोबारा ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, अवैध पार्किंग से बचें तथा सड़क सुरक्षा में सहयोग कर जनपद को दुर्घटना मुक्त बनाने में सहभागिता निभाएं।
