भाजपा में विधायक रामचंद्र यादव की ऊंची छलांग, राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन में बने प्रस्तावक



अयोध्या। भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने पार्टी में अपनी राजनीतिक पकड़ और संगठनात्मक अहमियत बढ़ाते हुए एक नई ऊंची छलांग लगाई है। वह उन 22 नेताओं में शामिल हुए हैं, जिनका चयन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी उम्मीदवार नितिन नबीन के प्रस्तावक के रूप में किया गया।
प्रदेश के प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हैं। जिले में चार विधानसभा सीटों पर भाजपा के निर्वाचित विधायक हैं, लेकिन रामचंद्र यादव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। वह रुदौली सीट से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। इससे पहले वह मिल्कीपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। मिल्कीपुर सीट अब सुरक्षित मानी जाती है। रामचंद्र यादव ने लाल झंडे के तहत अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और लगातार मेहनत और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद भाजपा में यह मुकाम हासिल किया है। यह उनके विरोधियों के लिए भी संदेश है, जो उन्हें संगठन में कमजोर या आयातित नेता समझते थे। इस उपलब्धि के साथ रामचंद्र यादव ने जिले में और पार्टी स्तर पर अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत किया है।