व्यापारी नेताओं ने पार्क में झाड़ू-पोंछा उठाकर किया सफाई



– नेताजी सुभाष बोस की जयंती मनाई

फतेहपुर। जन उद्योग व्यापार मण्डल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर के पत्थरकटा स्थित सुभाष चौक पार्क में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई।
मौके पर पहुंचने पर व्यापारियों ने देखा कि पार्क के अंदर और आसपास भारी गंदगी फैली हुई थी। नगर पालिका की ओर से साफ-सफाई और चूना छिड़काव नहीं कराया गया था। इस लापरवाही को देखकर प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हाथ में झाड़ू-पोंछा उठाकर स्वयं सफाई अभियान शुरू किया। पानी डालकर पार्क की धुलाई की गई और इस दौरान “नगर पालिका मुर्दाबाद”, “व्यापार मण्डल जिंदाबाद”, “सुभाष चंद्र बोस अमर रहें” के नारे लगाए गए। सफाई के बाद सभी पदाधिकारियों ने बारी-बारी से सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को स्मरण करते हुए जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर वक्ताओं ने नगर पालिका से सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू हयारण, अभिषेक रायजादा, अंगद सिंह चंदेल, राकेश मौर्य, शोनू ठाकुर, देवनाथ धाकड़े, आशीष सरन, मिन्टू सोनी, हिमांशु दीक्षित, अनिल अग्निहोत्री, बुद्धराज धाकड़ी, राजा सिंह कछवाह सहित दर्जनों व्यापारी नेता मौजूद रहे।