फतेहपुर। चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल, फतेहपुर में शुक्रवार को ज्ञान की देवी मां सरस्वती के जन्मदिवस एवं वसंत पंचमी के पावन अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना एवं हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और समस्त स्टाफ ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की डायरेक्टर प्राची श्रीवास्तव ने किया। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा विधिपूर्वक हवन संपन्न कराया गया, जिसमें उनके उज्ज्वल भविष्य और बोर्ड परीक्षा में सफलता की कामना की गई। हवन के उपरांत सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को प्रसाद वितरित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद स्वरूप लेखन सामग्री प्रदान की और उन्हें परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मां सरस्वती की कृपा से विद्यार्थी ज्ञान, विवेक और संस्कारों के पथ पर अग्रसर होते हैं। पूजा और हवन का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से रेखा श्रीवास्तव, अनुराधा श्रीवास्तव, नीलम सिंह, मुस्कान, हेडमिस्ट्रेस रीना शुक्ला, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और ऑफिस स्टाफ ने गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराई।
