– मनरेगा योजना कांग्रेस की दूरदर्शी सोच का परिणाम थी – आरिफ गुड्डा
खागा। खागा विधानसभा क्षेत्र के त्रिलोचनपुर गांव में कांग्रेस द्वारा आयोजित “मनरेगा बचाओ संग्राम” चौपाल में भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की मूलभूत जरूरतों से पूरी तरह दूर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी भीषण आपदा के समय मनरेगा योजना गरीबों के लिए जीवन रेखा साबित हुई थी, जब लाखों लोगों को इससे रोजगार और दो वक्त की रोटी मिली। आज वही सरकार जनता को भ्रमित कर इस योजना को कमजोर और समाप्त करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने आगे कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़ी समस्याएं बन चुकी हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों से मुंह मोड़कर केवल जोड़तोड़ की राजनीति में व्यस्त है। चौपाल में मौजूद कांग्रेस शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसने गरीब मजदूरों को न सिर्फ रोजगार दिया बल्कि गांवों के विकास को भी गति दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार नाम बदलने और नियमों में बदलाव के जरिए काम की गारंटी खत्म कर रही है, जो ग्रामीण गरीबों के साथ बड़ा अन्याय है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे ने भी मनरेगा में किए जा रहे बदलावों को ग्रामीण मजदूरों के खिलाफ बताते हुए इसका पुरजोर विरोध करने की बात कही। सभा का संचालन कर रहे पं. राम नरेश महाराज ने भी सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की।
चौपाल में पीसीसी सदस्य अतुल पासवान, संयोजक सुधीश पांडेय, अरविंद सिंह, बीरेंद्र कुमार तिवारी, अकरम काले, हम्माद हुसैन, अखिलेश पांडेय और नफीस खान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।
