– श्रीकांत शुक्ला करेंगे भागवत कथा का रसपान
फतेहपुर। शहर के ज्वालागंज स्थित चौराहे के पास सोमवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक उल्लास का परिचय दिया।
कलश यात्रा ज्वालागंज से प्रारंभ होकर बाकरगंज बड़ा शिवाला, चौक शिव मंदिर, हनुमान मंदिर, कोतवाली रोड, शीतला मंदिर होते हुए गणेश मंदिर ज्वालागंज पहुंची। विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा पुनः कथा स्थल पंडाल में आकर संपन्न हुई। नगर भ्रमण के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए भक्ति और आस्था का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कथा वाचक श्रीकांत शुक्ला द्वारा सात दिनों तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन होगा, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा। कार्यक्रम में परिक्षित विनय, सुशील चंद्र गुप्ता, नीतू गुप्ता, अनंत राम गुप्ता, विनय गुप्ता, पंकज गुप्ता, नीरज गुप्ता, शैलेंद्र कुमार गुप्ता, दशरथ, आर्यन, अरिहंत, सूजल, आरती, संध्या, वंदना, सिमरन, सुमन, ममता, मोहित गुप्ता, हीरालाल यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कथा स्थल पर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ आयोजन को सफल बनाने की कामना की।
