फतेहपुर। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर अपराध, गुमशुदगी, उत्पीड़न सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि मामलों की स्थलीय जांच कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत की मॉनिटरिंग स्वयं स्तर से की जाएगी, जिससे फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला, वृद्ध, दिव्यांग और कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई अपनाई जाए। साथ ही यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई में कई अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस पहल से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।
