मदर सुहाग एजुकेशन सेंटर में 126 मेधावी विद्यार्थियों को मिली साइकिलें



– साइकिल वितरण कार्यक्रम से छात्रों में दिखा उत्साह

फतेहपुर। मदर सुहाग एजुकेशन सेंटर में साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के 126 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। साइकिल पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनके विद्यालय आने-जाने की राह को आसान बनाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मोहित सिंह चंदेल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों की खुशहाली और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। बच्चों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य डी.के. श्रीवास्तव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की दैनिक यात्रा सुगम होगी। इससे उनके आत्मविश्वास और स्वावलंबन को भी बल मिलेगा तथा वे बिना किसी बाधा के समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान शैलेश सिंह, अतुल तिवारी, विनय तिवारी, अमन वर्मा, अनिल अग्रहरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।