माँ रामरती मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज ने निकाली भव्य कैंसर जागरूकता रैली


– विश्व कैंसर दिवस पर छात्रों ने दिया जागरूकता का संदेश

फतेहपुर। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर माँ रामरती मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज द्वारा जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक भव्य कैंसर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. अशोक पटेल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली श्री रामसनेही मेमोरियल हॉस्पिटल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला चिकित्सालय पर जाकर संपन्न हुई। इसमें नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लिए हुए “कैंसर से डरना नहीं, डटकर लड़ना है” और “कैंसर को हराना है, सभी को समझाना है” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक करते नजर आए। इस अवसर पर डॉ. अशोक पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता ही बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है। सही समय पर जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को कैंसर से बचाव और स्वस्थ जीवन जीने की शपथ भी दिलाई गई। रैली के पश्चात कॉलेज सभागार में भाषण, कविता एवं नुक्कड़ नाटक जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सकारात्मक सोच और समय पर उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी मात दी जा सकती है।
इस अवसर पर कॉलेज की डायरेक्टर प्रियंका सिंह, प्रिंसिपल विशाल सिंह सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे हैं।