अज्ञात तेज रफ्तार डीजे की टक्कर से बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल



फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के डिघरूवा गांव के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार डीजे वाहन ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार चौतारा गांव निवासी 29 वर्षीय दीपक अपनी 26 वर्षीय पत्नी संगीता को बाइक पर बैठाकर घर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक डिघरूवा गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डीजे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक से गिरकर सड़क पर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सीमा देवी एवं पायलट संदीप ने दोनों घायलों को तत्काल जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं हादसे के बाद डीजे वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।