फतेहपुर। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) फतेहपुर में जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डाइट प्राचार्य आरती गुप्ता एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भारती त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण अशोक त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक ब्लॉक से खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7-7 विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। जनपद स्तरीय पर्यवेक्षक दल में डॉक्टर अमृता (प्रवक्ता, जीजीआईसी फतेहपुर), विजय विक्रम (प्रवक्ता, जीआईसी फतेहपुर) एवं अतुल कुमार (प्रवक्ता, डाइट फतेहपुर) शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष रूप से प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में हसवा ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय घूरी बुजुर्ग के उत्कर्ष द्विवेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मलवा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय ममरेजपुर के आलोक कुमार द्वितीय तथा असोथर ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय घाटमपुर के सुमित कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड, स्कूल बैग, विज्ञान की किताब, प्रमाण पत्र एवं यात्रा भत्ता के रूप में 150 रुपये प्रदान किए गए। विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 मॉडलों का चयन किया गया। ब्लॉक खजुहा के कम्पोजिट विद्यालय दौलतियापुर की अंशिता यादव ने प्रथम स्थान, देवमयी ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय मिरायी के सूर्यप्रताप ने द्वितीय स्थान, विजयीपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय टेनी के मोहम्मद शहबान ने तृतीय स्थान, उसी विद्यालय के धनराज गुप्त ने चतुर्थ स्थान तथा ब्लॉक धाता के कम्पोजिट विद्यालय विरधौलपुर की नैन्सी देवी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। शीर्ष 5 मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, शील्ड, प्रमाण पत्र, स्कूल बैग, विज्ञान की किताब एवं 150 रुपये यात्रा भत्ता प्रदान किया गया। इसके अलावा अगले चयनित पाँच बेहतर मॉडल वाले विद्यार्थियों को विज्ञान किट, प्रमाण पत्र, स्कूल बैग, विज्ञान की किताब एवं यात्रा भत्ता प्रदान किया गया। वहीं प्रदर्शनी एवं क्विज में भाग लेने वाले अन्य सभी प्रतिभागियों को भी स्कूल बैग, विज्ञान की किताब, प्रमाण पत्र एवं 150 रुपये यात्रा भत्ता देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य संसाधन समूह सदस्य जयचंद्र पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि असफलता सफलता की सीढ़ी होती है, सभी प्रतिभागी प्रशंसा के पात्र हैं और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में संस्थान के समस्त प्रवक्ता, विज्ञान विषय के सभी एआरपी तथा पूर्व एआरपी हनुमंत सिंह का योगदान सराहनीय रहा। आयोजन को लेकर शिक्षकों एवं अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
