– पीड़ित ने जिलाधिकारी से की अतिक्रमण हटवाकर मानक के अनुसार सड़क निर्माण की मांग
फतेहपुर। शिवराजपुर-बिन्दकी-ललौली मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पीड़ित कौशल किशोर मौर्य ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि अतिक्रमण न हटाकर उनके मकान के सामने मार्ग और फुटपाथ को जानबूझकर सकरा किया जा रहा है, जो शासन द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत है।
पीड़ित ने बताया कि उनका एक किता मकान मौजा साई, परगना एवं तहसील बिन्दकी में लगभग 49.10 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में चौडगरा-शिवराजपुर लिंक मार्ग से संलग्न स्थित है। उनके मकान के सामने मार्ग के बीच में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में एक घेरा बनाकर अवैध अतिक्रमण किया गया है, जिसे अब तक नहीं हटाया गया है। पीड़ित के अनुसार शिवराजपुर-चौडगरा-बिन्दकी-ललौली मार्ग का निर्माण धर्मार्थ योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड-2, फतेहपुर द्वारा किया जा रहा है। शासन के आदेश पत्रांक 99/2025/666/001-23-6099-099-42-2025 के अनुसार इस मार्ग की चौड़ाई 7 मीटर निर्धारित है तथा दोनों ओर नाली का निर्माण होना है, लेकिन मौके पर मानक के विपरीत सड़क को संकरा बनाया जा रहा है। कौशल किशोर मौर्य का आरोप है कि उनके आवास के सामने स्थित अवैध अतिक्रमण को हटाए बिना ही सड़क निर्माण किया जा रहा है, जबकि उन्होंने पूर्व में भी विभाग को लिखित रूप से शिकायत दी थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त अवैध अतिक्रमण को हटवाकर शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और जनता को पूरी सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि बिना अतिक्रमण हटाए यदि सड़क बनाई जाती है तो यह न केवल नियमों का उल्लंघन होगा, बल्कि आम जनता के हितों के भी खिलाफ होगा। पीड़ित ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
