फतेहपुर। बिंदकी नगर के कुंवरपुर रोड स्थित मंडी समिति परिसर में बनी पानी की टंकी के जर्जर हो जाने को लेकर बुधवार को मिलर्स एवं गल्ला व्यापार समिति ने जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने टंकी की तत्काल मरम्मत अथवा नई पानी की टंकी बनवाने की मांग उठाते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
व्यापारियों के अनुसार मंडी समिति परिसर में स्थित पानी की टंकी काफी पुरानी और कमजोर हो चुकी है, जिससे लगातार पानी टपकता रहता है। इससे न केवल परिसर में कार्यरत लोगों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। समिति का कहना है कि यदि समय रहते टंकी की मरम्मत नहीं कराई गई या नई टंकी का निर्माण नहीं हुआ तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है। इस मुद्दे को लेकर मिलर्स एवं गल्ला व्यापार समिति के अध्यक्ष शिवम गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि मंडी समिति परिसर में सैकड़ों व्यापारी और मजदूर प्रतिदिन आते-जाते हैं, ऐसे में जर्जर टंकी लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समिति आंदोलन को और तेज करेगी और इस समस्या से मंडी समिति के अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान उपाध्यक्ष ओम शुक्ला, सोमू गुप्ता, राम शंकर गुप्ता, बृजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में जर्जर टंकी को हटाकर नई टंकी बनवाने की मांग करी।
