– घटना से इलाके में दहशत, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
– एसपी ने कई टीमों का किया गठन, जल्द खुलासे का हुआ दावा
फतेहपुर। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव में बुधवार शाम एक ही परिवार के तीन लोगों की गला रेतकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर मां, बेटे और देवर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार चौफेरवा निवासी सुशील कुमार श्रीवास्तव किसी कार्यवश शहर में रहने वाली अपनी बेटी के यहां गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी सुशीला (55), बेटा अमर (28) और भाई सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव (55) मौजूद थे। इसी दौरान सरेशाम अज्ञात हमलावर घर में घुस आए और तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अमर और सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुशीला गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने जब घर के अंदर का मंजर देखा तो दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुशीला को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि चौफेरवा गांव में मां, बेटे और देवर की अज्ञात हमलावरों द्वारा गला रेतकर हत्या की गई है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिले में एक बार फिर से हुए इस तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके सहित जनपद में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
