फतेहपुर। विश्व जल दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती व डॉ सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर के चौक स्टेशन रोड क्षेत्र में जल संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चेयरमैन फतेहपुर व इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य डॉ अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
अभियान के दौरान डॉ अनुराग श्रीवास्तव ने व्यापारियों को जागरूकता पत्रक वितरित कर जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विश्व में पीने योग्य पानी बहुत सीमित है, इसलिए हमें हर बूंद को बचाने का प्रयास करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि लोग अक्सर पीने के पानी का उपयोग सड़कों की सफाई, नालियों की धुलाई जैसे कार्यों में करते हैं, जिससे बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ होता है। वर्षा जल संचयन और पानी के पुनः उपयोग पर भी जोर दिया गया। डॉ अनुराग ने आरओ से निकलने वाले बेकार पानी को एकत्र कर उपयोग में लाने, वाटर बेल लगाने तथा भूगर्भ जल के अनावश्यक दोहन को रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि आरओ प्लांट और वाहन धुलाई केंद्रों द्वारा पानी की बर्बादी को रोकना आवश्यक है। इस मौके पर सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, के.के. सिंह, अभिनव श्रीवास्तव, रजत श्रीवास्तव और प्रेमचंद्र मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे हैं।
