फतेहपुर। तेलियानी ब्लॉक के ग्राम पंचायत हाजीपुर गंग के सेमरहटा गांव में करीब 25 वर्षों से जर्जर पड़े मार्ग के स्थान पर अब पक्की सड़क बनने जा रही है। सेमरहटा से झलहा तक 1.300 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 87.72 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इस सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी के नेतृत्व में किया गया। गांव के प्रतिष्ठित व्यक्ति भगवानदीन ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया, जिससे गांव में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि वर्षों बाद सड़क निर्माण से गांव के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने विधायक की सराहना करते हुए कहा कि अब विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने गांव के समग्र विकास का भरोसा दिलाते हुए कहा कि भविष्य में बारातशाला, जिम पार्क, अंबेडकर पार्क सहित अन्य सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने गांव को मॉडल गांव बनाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबलू कालिया, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी रमेशचंद्र उर्फ डॉक्टर झटका पासवान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवकुमार, भाजपा नेता अखिलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
