बिंदकी/फतेहपुर। मुगल रोड स्थित बावनी इमली शहीद स्मारक पर मंगलवार को अमर बलिदानी जोधा सिंह अटैया समेत 51 क्रांतिकारियों की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सिर झुकाकर वीर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्री बालाजी सेवा न्यास, पूर्विन माता सेवा समिति तथा युवा विकास समिति समेत कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक इमली के पेड़ पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम इंटर कॉलेज एवं रामपाल बिटाना देवी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को 28 अप्रैल 1858 की उस ऐतिहासिक घटना के बारे में बताया, जब 52 स्वतंत्रता सेनानियों को अंग्रेजों द्वारा फांसी दी गई थी, और उनके संघर्ष व बलिदान की गाथा से अवगत कराया।
इस दौरान ‘अमर शहीदों की जय’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम में संघ के ज्ञानेंद्र, अरुण, अजमेर सिंह, समाजसेवी लक्ष्मीचंद्र ओमर, दशरथ सिंह परिहार, समिति के जिला प्रवक्ता आलोक गौड़, प्रधान कृष्णचंद्र, अश्वनी गुप्ता, शिवशंकर सिंह रिंकू, अमित पटेल, सुनील कुमार, राहुल यादव, मनोज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
