– भारी वाहनों पर रोक की मांग को लेकर महिला व्यापार मंडल का प्रदर्शन
बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी नगर में बाईपास बनने के बावजूद भारी वाहनों का आवागमन जारी रहने से नाराज महिला व्यापार मंडल ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बुधवार को महिला व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर के अंदर से भारी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि महिला मंडल की नगर अध्यक्ष स्वाति ओमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने उपजिलाधिकारी प्रियंका अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ट्रक, डंपर जैसे भारी वाहन लगातार कस्बे के भीतर से गुजर रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार ये हादसे गंभीर और जानलेवा भी साबित हो रहे हैं। महिला व्यापार मंडल ने मांग की है कि नगर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद किया जाए और उन्हें अनिवार्य रूप से बाईपास मार्ग से ही भेजा जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अंबेडकर चौराहे पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यहां नियमित चेकिंग और सख्त निगरानी की जरूरत बताई गई। महिलाओं ने विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज समय में कस्बे के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर “नो एंट्री” लागू करने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा ज्ञापन में बिंदकी से कानपुर के बीच बंद पड़ी इलेक्ट्रिक बस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई गई, जिससे यात्रियों को सस्ती और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके। बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी की समस्या को लेकर भी चिंता जताई गई। महिला व्यापार मंडल ने कहा कि हर साल जलभराव की स्थिति बनती है, जिससे व्यापार और आमजन दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान नायब तहसीलदार सुरेश कुमार और नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में स्वाति ओमर के साथ डॉली गुप्ता, रमा ओमर, ममता ओमर, सीमा गुप्ता, दीपाली ओमर, कंचन गुप्ता, माया ओमर, स्वर्णिमा सिंह गौतम समेत कई महिला व्यापारी उपस्थित रहीं।
