ठगी पीड़ित जमाकर्ताओं की बैठक, 1 मई को भुगतान के लिए हुंकार का ऐलान



– नहर कॉलोनी परिसर में जुटेंगे हजारों निवेशक

फतेहपुर। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को नहर कॉलोनी परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सूरजदीन विश्वकर्मा ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पीड़ित निवेशकों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 मई 2026 को प्रातः 10 बजे नहर कॉलोनी परिसर में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें संगठन के राष्ट्रीय संयोजक मदनलाल आजाद दिल्ली से पहुंचेंगे और उनके नेतृत्व में हजारों की संख्या में पीड़ित निवेशक एकत्रित होकर अपने भुगतान की मांग करेंगे। बैठक में बताया गया कि निवेशकों का भुगतान BUDS Act 2019 (अनियमित जमा योजनाएं प्रतिबंध अधिनियम) के तहत सुनिश्चित कराने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से ठगी के शिकार निवेशकों को उनका पैसा वापस नहीं मिला है, जिसके चलते अब आंदोलन तेज किया जा रहा है। इस मौके पर रामशरण, अवधेश कुमार, राकेश कुमार साहू, विनोद कुमार, बलरामचंद, लोकेश कुमार, विजय पाल सहित अन्य कई पीड़ित निवेशक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अपने हक के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।