– विशेष किशोर पुलिस इकाई ने मासिक समीक्षा बैठक में बच्चों के कल्याण पर दिया जोर
– सभी विभागों के अधिकारियों ने बच्चों के सर्वोत्तम हित में कार्य करने का संकल्प लिया
फतेहपुर। जिला बाल कल्याण समिति और विशेष किशोर पुलिस इकाई/एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को पुलिस लाइन फतेहपुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने की।
बैठक में बच्चों के सर्वोत्तम हित में माह भर की गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसमें मुख्य रूप से पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों का पालन, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन, भिक्षावृत्ति रोकथाम और ध्रूमपान निषेध (कोटपा एक्ट) से संबंधित गतिविधियों पर चर्चा की गई। राजेंद्र प्रसाद साहू ने जिला बाल संरक्षण इकाई को बाल विवाह रोकथाम हेतु 100-दिनीय जागरूकता अभियान संचालित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। सभी उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों के हित में समन्वित और प्रभावी कार्रवाई करने का संकल्प लिया। बैठक के माध्यम से बच्चों के कल्याण और सुरक्षा के लिए विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के निरीक्षक संजय पाण्डेय, जिला समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन नीरू पाठक, वन-स्टॉप सेंटर प्रभारी शबीना खातून, जिला स्वास्थ्य विभाग के उप मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार, पॉक्सो कोर्ट के शासकीय अधिवक्ता और जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी एवं महिला आरक्षी उपस्थित रहे।
