सरकंडी ग्राम सभा विकास कार्यों में घोटाला, प्रधान व अवर अभियंता गिरफ्तार



फतेहपुर। जनपद के असोथर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकंडी ग्राम सभा में कराए गए विकास कार्यों में धांधली के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान एवं अवर अभियंता को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खंड विकास अधिकारी असोथर राहुल मिश्रा द्वारा अवर अभियंता नरेंद्र गुप्ता सहित कुल 10 लोगों के विरुद्ध विकास कार्यों में अनियमितता व गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले में रविवार को असोथर पुलिस ने अवर अभियंता नरेंद्र गुप्ता तथा सरकंडी ग्राम सभा की प्रधान पुष्पा द्विवेदी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। बताया जा रहा है कि विकास कार्यों में लगभग 55 लाख रुपये के गबन का आरोप है। असोथर पुलिस के अनुसार दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।