खागा – फतेहपुर। प्रशासन की चौकसी और सतर्कता के चलते खागा तहसील अंतर्गत हाईवे किनारे स्थित मौजा मुहिउद्दीनपुर की गाटा संख्या 86 में अवैध कब्जा मुक्त कराया गया। अवैध कब्जेदार ने लगभग पौने तीन बिस्वा ग्राम समाज की जमीन पर कारखाना संचालित कर रखा था।
सूत्रों के अनुसार, कब्जेदार ने रोड किनारे लगभग सौ फुट चौड़ाई में टीनशेड लगाकर प्रशासन की नजर से बचने की कोशिश की थी। टीनशेड के पीछे वह अवैध निर्माण चालू कर चुका था। जैसे ही प्रशासन को इसकी जानकारी मिली, तहसील प्रशासन ने क़ानूनगो अरविंद सिंह, सुरेंद्र पांडे और नगर पंचायत प्रशासन के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। तहसील प्रशासन के अनुसार, अवैध कब्जेदार ने लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती ग्राम समाजी जमीन पर कब्जा कर रखा था। वर्तमान में लेखपाल दिनेश सिंह की छुट्टी के कारण क्षेत्र का चार्ज विपिन सिंह के पास है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व कानूनगो सचान के ट्रांसफर के बाद खागा नगर से जुड़ी ग्राम समाज की कीमती जमीनों पर अवैध कब्जों में वृद्धि हुई थी।
यह कार्रवाई प्रशासन की तेजी और सतर्कता का परिचायक है, जिससे भूमि सुरक्षा और ग्राम समाजी संपत्ति की रक्षा सुनिश्चित हुई।
