गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्रद्धा से मनाई गई गुरु गोबिंद सिंह जयंती व छोटे साहिबज़ादों का शहादत पर्व



– विशेष दीवान सजाकर गुरु गोबिंद सिंह जी व साहिबज़ादों को किया गया नमन

– लंगर सेवा व कीर्तन के माध्यम से गूंजा त्याग और बलिदान का संदेश

– संगत ने साहस, समानता और धर्म रक्षा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

फतेहपुर। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, फतेहपुर में शनिवार को दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती के साथ-साथ छोटे साहिबज़ादे—साहिबज़ादा ज़ोरावर सिंह एवं साहिबज़ादा फ़तेह सिंह के शहादत पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजाए गए, जहां गुरुवाणी, कीर्तन एवं प्रवचनों के माध्यम से गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, उनके आदर्शों तथा छोटे साहिबज़ादों की अद्वितीय शहादत पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। दीवान के दौरान साहिबज़ादों के धर्म की रक्षा हेतु दिए गए महान बलिदान को स्मरण करते हुए संगत भावविभोर हो उठी। कार्यक्रम के उपरांत गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संगत ने गुरु गोबिंद सिंह जी एवं छोटे साहिबज़ादों के साहस, त्याग, समानता और सत्य के लिए संघर्ष के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर दीपक रस्तोगी, मनोज घयाल, सीएमआई महेंद्र गुप्ता, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी फतेहपुर के अध्यक्ष सरदार संतोष सिंह, सह-अध्यक्ष सरदार नरिंदर सिंह रिक्की, ज्ञानी सरदार कुलदीप सिंह, सरदार परमजीत सिंह, सरदार सुरिंदर सिंह, सरदार नरेंद्र सिंह रिंकू, सरदार जसबीर सिंह, सरदार गोविंद सिंह, सरदार चरणजीत सिंह, सरदार गुरमीत सिंह ‘उमंग’, पम्मी, ग्रेटी, परविंदर सिंह सोनी, हरमंगल सिंह, कुलवीर सिंह सहित अन्य सेवादारों का विशेष योगदान रहा। तथा महिला संगत में ईश्वर कौर, रनदीप कौर, मनजीत कौर, खुशी, सुमीत कौर, सतनाम कौर, अमरजीत कौर, परमजीत कौर, हरविंदर कौर, सतबीर कौर, शिम्पी, नवतेज कौर, कंवलजीत कौर आदि ने भी आयोजन में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
अंत में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।