– कड़ाके की ठंड में 51 गरीब, असहाय व बुजुर्गों को मिली राहत
फतेहपुर। नववर्ष 2026 के उपलक्ष्य में जिले के बहुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) में ग्राम प्रधान, बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए यह कार्यक्रम मानवता की सेवा के उद्देश्य से लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया गया।
इस अवसर पर 51 जरूरतमंद, गरीब, असहाय एवं बुजुर्गों को कंबल वितरित कर उन्हें ठंड से राहत पहुंचाई गई। कंबल वितरण के दौरान हेमलता पटेल ने सभी लाभार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है, और समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य न केवल मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं। स्थानीय ग्रामीणों एवं महिलाओं ने इस सराहनीय पहल के लिए ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक अध्यक्ष हेमलता पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने समस्त जनमानस को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
