भोजन जन सेवा समिति ने जरूरतमंदों में बांटे कंबल, ठंड से मिली राहत



फतेहपुर। कड़ाके की ठंड और शीतलहर से जूझ रहे जरूरतमंदों की मदद के लिए रविवार को भोजन जन सेवा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा कंबल वितरण अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में वृद्ध, निराश्रित, दिव्यांग और सड़क किनारे जीवन यापन करने वाले लोगों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उन्हें ठंड से कुछ राहत मिल सकी।
समिति के संस्थापक कुमार शेखर ने आचार्य रामनारायण के सहयोग से महर्षि कॉलोनी, काशीराम कॉलोनी और गडरियनपुरवा में चयनित जरूरतमंदों को कंबल बांटे। इसमें वृद्ध, निराश्रित, नेत्रहीन और असहाय लोग शामिल रहे। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण ठंड के चलते इन लोगों के लिए रात गुजारना बेहद कठिन हो गया था, ऐसे में समिति का यह प्रयास सराहनीय रहा। इस अवसर पर कुमार शेखर ने आमजन से अपील की है कि यदि जिला अस्पताल, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कोई व्यक्ति ठंड से ठिठुरता हुआ दिखाई दे, तो मानवता के नाते उसकी मदद करें और समिति को तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते उसे कंबल या गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जा सकें।
कंबल वितरण अभियान में नरेश गुप्ता, मनीष केसरवानी, नरेश अग्रहरि सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग किया। समिति ने बताया कि ठंड के मौसम में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड से परेशान न रहे।