निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 का आलेख्य प्रकाशन संपन्न



– दावे व आपत्तियां 06 जनवरी से 06 फरवरी तक की जाएंगी प्राप्त

– 11 जनवरी को ग्राम सभा व वार्ड बैठकों में बीएलओ करेंगे मतदाता सूची का पठन व सत्यापन

– जनपद की छह विधानसभा सीटों में 19.32 लाख मतदाताओं की गणना जबकि आलेख्य प्रकाशन में 16.16 लाख मतदाता शामिल जिनमें 1.34 लाख मतदाता नो-मैपिंग श्रेणी में चिन्हित

फतेहपुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) को आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है।
जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील) में तथा प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। यह सूची जनसामान्य के अवलोकन हेतु संबंधित स्थलों पर उपलब्ध रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मंगलवार को समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य प्रकाशन की सूचियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एवं आलेख्य प्रकाशन के संबंध में एक बैठक आयोजित कर आयोग के दिशा-निर्देशों से सभी प्रतिनिधियों को विस्तार से अवगत कराया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 11 जनवरी 2026 (रविवार) को ग्राम सभा एवं वार्ड कमेटी की बैठकों में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहकर आलेख्य निर्वाचक नामावली का पठन कर नामों का सत्यापन कराया जाएगा। वर्ष 2025 की मतदाता सूची के अनुसार जनपद की कुल 06 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 19,32,441 थी। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए। जिन मतदाताओं ने भरे हुए गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध कराए, उन्हें डिजिटाइज कर आलेख्य प्रकाशन में सम्मिलित कर लिया गया है। इस प्रकार आलेख्य प्रकाशन में सम्मिलित मतदाताओं की कुल संख्या 16,16,973 है।
जिन मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र में वर्ष 2003 की मतदाता सूची की प्रविष्टियां अंकित नहीं की गईं अथवा जिनका मिलान स्वयं या प्रोजेनी के रूप में वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सका, उन्हें नो-मैपिंग श्रेणी में रखा गया है। ऐसे मतदाताओं की संख्या 1,34,207 है, जबकि शेष 14,82,766 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नो-मैपिंग श्रेणी में शामिल सभी मतदाताओं को नोटिस जारी की जाएगी, जिनकी सुनवाई संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक/अपर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा चिन्हित स्थलों पर 06 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक की जाएगी। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। ऐसे युवा मतदाता जिन्होंने 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6 घोषणा पत्र सहित संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आयोग के इसिनेट मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म-6 एवं फार्म-8 ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।
जनसामान्य के निरीक्षण हेतु आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ तथा नो-मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं की सुनवाई से संबंधित अधिकारियों की सूची डीईओ पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है, जिसे जनपद की वेबसाइट fatehpur.nic.in/district-election-officer/ पर देखा जा सकता है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 06 मार्च 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विधान परिषद इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन भी दिनांक 06 जनवरी 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा यथाविधि कर दिया गया है। संबंधित स्थलों पर एकीकृत निर्वाचक नामावलियां जनसाधारण के निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी। इसकी सूची भी डीईओ पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही सर्विस मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन भी दिनांक 06 जनवरी 2026 को समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में विधिवत संपन्न कराया गया है।