चार दिन से लापता युवक का कोई सुराग नहीं, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी




बिंदकी / फतेहपुर। अपने घर से चार दिन पूर्व बाजार करने निकला एक युवक अब तक वापस नहीं लौटा है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के अंतर्गत सैरपुर गांव निवासी अमित उर्फ कृष्णा (19 वर्ष) पुत्र रज्जन बुधवार को बिंदकी कस्बा बाजार करने आया था, लेकिन इसके बाद वह वापस अपने घर नहीं पहुंचा। युवक के घर न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद सैरपुर गांव निवासी इंद्रपाल उर्फ कल्लू पुत्र दर्शन ने शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कोतवाली बिंदकी में तहरीर देकर बताया कि उनका नाती अमित उर्फ कृष्णा बुधवार शाम से लापता है और अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
इस मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है और संभावित स्थानों पर पूछताछ के साथ-साथ मोबाइल लोकेशन व अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।