– डीपीआरओ ने आरआरसी सेंटर के उपयोग के लिए पंचायत सचिवों को दिए सख्त निर्देश
– डीपीआरओ राम शंकर वर्मा ने मीडिया के माध्यम से दिया संदेश
फतेहपुर। जनपद की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायतीराज अधिकारी (डीपीआरओ) राम शंकर वर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों में स्थापित आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
डीपीआरओ राम शंकर वर्मा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि पंचायती राज नियमावली के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा प्रबंधन का सही ढंग से संचालन किया जाना अनिवार्य है। इसके अंतर्गत गांवों से सूखा कूड़ा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्रित कर आरआरसी सेंटर तक पहुंचाया जाए, जहां सूखे कूड़े का पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और गीले कूड़े का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पंचायत कर्मियों को निर्देशित किया कि घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए तथा ग्रामीणों को भी सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जाए। इससे गांवों में स्वच्छता बनी रहेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। जिला पंचायतीराज अधिकारी (डीपीआरओ) ने कहा कि पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
