ब्लॉक बहुआ में 10 से 28 फरवरी तक चलेगा फायलेरिया उन्मूलन अभियान



– शत प्रतिशत नागरिकों को मानक के अनुरूप दवा सेवन कराने के निर्देश

फतेहपुर। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत फायलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम (आई.डी.ए.) 2025 (ट्रिपल ड्रग थैरेपी) से संबंधित जनपद स्तरीय डिस्ट्रिक्ट ओटीटी कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि ब्लॉक बहुआ में फायलेरिया उन्मूलन अभियान 10 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए बहुआ ब्लॉक का माइक्रोप्लान तैयार करते हुए पंचायती राज, आईसीडीएस, जिला पूर्ति, यूपी एसआरएलएम, अल्पसंख्यक कल्याण, नगर निकाय, समाज कल्याण सहित सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान से संबंधित दायित्वों का पत्राचार कर सभी गतिविधियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा निर्धारित प्रपत्र पर विभागीय कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि फायलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, ताकि नागरिक जागरूक होकर दी जाने वाली दवाओं का शत प्रतिशत सेवन सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में मुनादी कराने, ग्राम प्रधानों, पार्षदों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आबादी के आसपास स्थित सभी जल स्रोतों को मच्छरमुक्त किया जाए तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यालयों में भी फायलेरिया उन्मूलन के संबंध में प्रचार-प्रसार करते हुए मानक के अनुरूप दवा सेवन कराया जाए। विशेष रूप से यूपी बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, जिला पूर्ति अधिकारी से समन्वय बनाते हुए राशन वितरण के समय कैंप लगाकर लाभार्थियों को दवा सेवन कराए। खंड विकास अधिकारी बहुआ को अभियान की सतत निगरानी बनाए रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पूरी तत्परता के साथ कार्य करते हुए शत प्रतिशत नागरिकों को मानक के अनुरूप फायलेरिया उन्मूलन की दवा खिलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।